
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के लिए गौरव का क्षण है, जब इसकी महिला वॉलिंटियर मैडम तेजीता का चयन राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) अकादमी नागपुर में प्रशिक्षण हेतु किया गया है। दक्षिण पूर्व रेलवे के उप महाप्रबंधक के निर्देश पर नागपुर स्थित एनडीआरएफ अकादमी में ऑग्ज़ीलियरी फायर फाइटिंग के साथ विभिन्न आपदा प्रतिक्रिया कौशलों में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण दिलाने के लिए टाटानगर से केवल एक ही सदस्य को चुना जाना था।
चयन प्रक्रिया में शैक्षणिक योग्यता, वरिष्ठता सूची और कार्य कौशल को आधार बनाया गया, जिसमें तेजीता ने सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसी कारण उन्हें इस विशेष प्रशिक्षण के लिए मनोनीत किया गया है।
एनडीआरएफ अकादमी नागपुर में यह छह सप्ताह का शैक्षणिक कार्यक्रम 1 सितम्बर से आरंभ होगा, जिसमें तेजीता को आग बुझाने की उन्नत तकनीकों, भूकंप, बाढ़, रेल दुर्घटना जैसी आपदाओं में त्वरित राहत और बचाव कार्यों के व्यावहारिक प्रशिक्षण से लैस किया जाएगा।
रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने जानकारी दी कि तेजीता के प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद टाटानगर रेल सिविल डिफेंस दल की आपदा प्रबंधन क्षमता और मजबूत होगी। उनके अनुभव से अन्य सदस्य भी लाभान्वित होंगे और आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने में टीम को और अधिक दक्षता हासिल होगी।
उल्लेखनीय है कि रेलवे सिविल डिफेंस दल समय-समय पर आगजनी, हादसों और प्राकृतिक आपदाओं से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में तेजीता का चयन न केवल टीम के लिए बल्कि पूरे टाटानगर रेल मंडल के लिए सम्मान की बात है। यह उपलब्धि महिला वॉलिंटियर्स को भी प्रेरित करेगी कि वे भी आपदा प्रबंधन और बचाव कार्यों में अग्रसर होकर समाज सेवा में योगदान दें।

