
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के गदड़ा निवासी महिलाओं ने गुरुवार को एसएसपी से न्याय की गुहार लगायी है। महिलाओं का आरोप है कि उनके परिवार के सभी लोग जेल में बंद थे, जिसके कारण घर पर ताला बंद था और चाबी परसुडीह थाना में जमा थी। इसके बावजूद उनके घर का ताला कई बार टूटा और कीमती सामान व नकद पैसे गायब हो गये।
महिला सुनीता साह व अंजु देवी ने बताया कि उनके पड़ोसी संजय श्रीवास्तव नशे की हालत में उनसे छेड़खानी कर रहे थे। इस दौरान मोहल्ले वालों की मदद से वे बच गयीं। इसके अगले ही दिन संजय श्रीवास्तव की तबीयत बिगड़ गयी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। इस घटना के बाद संजय श्रीवास्तव की बेटियों ने उन्हें व 14 अन्य पड़ोसियों को झूठे केस में फंसा दिया, जिसके बाद सभी को जेल जाना पड़ा।
महिलाओं ने बताया कि तीन महिलाएं बेल पर बाहर आयीं तो घर की स्थिति देखकर हैरान रह गयीं। दरवाजे का ताला टूटा था, अलमारी, बक्सा, बर्तन, कपड़े बिखरे पड़े थे और सारे कीमती सामान गायब थे। उनका कहना है कि जब चाबी थाना में जमा थी तो फिर ताला कैसे टूटा और घर से सामान कैसे गायब हुआ, यह गंभीर सवाल है।
उन्होंने कहा कि कई बार परसुडीह थाना का चक्कर लगाने के बावजूद उनका मामला दर्ज नहीं किया गया। परेशान होकर वे एसएसपी के पास पहुंचीं और ज्ञापन सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस स्तर पर इस मामले की जांच को लेकर पीड़ित परिवार इंतजार कर रहा है।

