
उदित वाणी, जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिला कांग्रेस कमिटी के महासचिव ऋषि मिश्रा ने गुरुवार को आदित्यपुर पहुंचने पर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सह सांसद तारिक अनवर का गर्मजोशी से स्वागत किया। तारिक अनवर का ठहराव चमरिया गेस्ट हाउस में रहा, जहां ऋषि मिश्रा ने उन्हें साल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
मुलाकात के दौरान ऋषि मिश्रा ने जिले में कांग्रेस की संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी और स्थानीय स्तर पर पार्टी की मजबूती के लिए किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि कैसे कार्यकर्ता लगातार बूथ स्तर तक सक्रिय हैं और संगठन को मजबूत बनाने में जुटे हैं।
तारिक अनवर ने जिले में संगठनात्मक कार्यों को लेकर संतोष जताया और पार्टी के कार्यकर्ताओं को और अधिक सक्रियता के साथ जनता से जुड़ने का संदेश दिया। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी उनका स्वागत किया और विभिन्न स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की।

