
उदित वाणी, जमशेदपुर : मारवाड़ी सम्मेलन साकची शाखा द्वारा गणेश उत्सव का आयोजन बुधवार को साकची स्थित महालक्ष्मी मंदिर प्रांगण में बड़े धूमधाम और श्रद्धा-भक्ति के साथ किया गया. गणेश मूर्ति की स्थापना के साथ ही कार्यक्रम की शुरुआत श्री गणेश पूजन से हुई. इस अवसर पर सम्मेलन के अध्यक्ष बजरंग लाल अग्रवाल ने सपत्नीक पूजा-अर्चना कर विधिवत कार्यक्रम का शुभारंभ किया.
मंदिर परिसर ढोल-नगाड़ों की गूंज और प्रार्थनाओं के स्वर से दिव्य वातावरण में तब्दील हो गया. श्रद्धालुओं ने उत्साह और उमंग के साथ गणपति बप्पा की आराधना की.
मारवाड़ी सम्मेलन साकची शाखा के सचिव बबलु अग्रवाल ने कहा कि गणेश उत्सव केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी संस्कृति, परंपरा और सामूहिक एकता का प्रतीक है. उन्होंने आह्वान किया कि समाज को गणेशजी से प्रेरणा लेकर विवेक और साहस के साथ एकजुट होकर चुनौतियों का सामना करना चाहिए.
कोषाध्यक्ष सन्नी संघी ने कार्यक्रम में महाभोग की व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया. उन्होंने कहा कि गणपति पूजन का संदेश यही है कि हम सब मिलकर प्रकृति और संस्कृति दोनों की रक्षा करने का संकल्प लें.
गणेश उत्सव को सफल बनाने में अध्यक्ष बजरंग लाल अग्रवाल, सचिव बबलु अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सन्नी संघी सहित अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, रोहित अग्रवाल, पुनीत काउंटिया, राजीव अग्रवाल, ओमप्रकाश रिंगसिया, संतोष अग्रवाल, महावीर मोदी, सांवरमल अग्रवाल, अमित अग्रवाल, दीपक चेतानी, कुशल गनेड़ीवाल और गोपाल अग्रवाल सहित कई सदस्यों का सहयोग रहा.

