
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना अंतर्गत मरीन ड्राइव स्थित आशियाना गार्डन के सामने बने एक ऊंचे टावर पर मंगलवार दोपहर अचानक एक युवती चढ़ गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब एक घंटा पहले युवती टावर पर चढ़ी और उसके बाद से वह किसी के भी आग्रह के बावजूद नीचे नहीं उतरी है. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
सूचना मिलते ही सोनारी पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. पुलिसकर्मी माइक्रोफोन और समझाने-बुझाने के जरिए युवती को शांत करने की कोशिश कर रहे हैं. वहीं दूसरी ओर सुरक्षा की दृष्टि से टावर के नीचे बैरिकेडिंग कर दी गई है ताकि किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके.

पुलिस ने फिलहाल युवती की पहचान उजागर नहीं की है और उसके टावर पर चढ़ने के कारणों की भी जानकारी सामने नहीं आ पाई है. हालांकि पुलिस और स्थानीय लोग लगातार प्रयासरत हैं कि किसी तरह युवती को सुरक्षित नीचे उतारा जा सके. मौके पर भारी संख्या में लोग जुटे हुए हैं और स्थिति पर पुलिस की पूरी निगरानी बनी हुई है.

