
उदित वाणी, जमशेदपुर : आगामी पर्व-त्योहार को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने साकची बाजार एवं आसपास की सड़कों पर जाम की समस्या से निपटने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को उपायुक्त और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खुद सड़क पर उतरे और साकची बाजार का जायजा लिया। इस दौरान जिले के तमाम प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने फुटपाथ पर अवैध रूप से लगी दुकानों और अतिक्रमण को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने अक्षेस से फुटपाथी दुकानदारों का ब्योरा मांगा और उन्हें व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। डीसी ने कहा कि पर्व-त्योहार के दौरान आमलोगों को परेशानी न हो और बाजार में जाम की समस्या से निजात मिले, इसके लिए प्रशासन सक्रिय है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फुटपाथी दुकानदारों को भी नुकसान न हो, इसे ध्यान में रखते हुए समाधान की दिशा में पहल की जा रही है।
वहीं एसएसपी पीयूष पांडे ने कहा कि त्योहार के मौसम में बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। इससे अपराध पर अंकुश लगेगा और लोग निःसंकोच खरीदारी कर सकेंगे। उन्होंने ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सड़क पर कहीं भी अराजकता की स्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासनिक और पुलिस महकमे की संयुक्त कार्रवाई से उम्मीद की जा रही है कि इस बार त्योहारों के दौरान साकची और अन्य प्रमुख बाजारों में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को राहत मिलेगी।

