
उदित वाणी, जमशेदपुर : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी से शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर आवेदन सौंपे.
प्राथमिकता आधारित जांच के निर्देश
उपायुक्त ने सभी प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों के पास प्रेषित करते हुए कहा कि हर केस की जांच प्राथमिकता से की जाए और निर्धारित समयावधि में ठोस कार्रवाई सुनिश्चित हो.

नागरिकों की मुख्य शिकायतें
नागरिकों ने रोजगार संबंधी समस्या, टीजीटी शिक्षक नियुक्ति जांच, मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना की डीबीटी राशि में देरी, बीपीएल वर्ग के बच्चों का दाखिला, विस्थापित परिवारों का पुनर्वास, घरेलू विवाद, चिकित्सा सहायता और शिक्षा ऋण जैसी शिकायतें रखीं.
साथ ही भूमि विवाद, सीमांकन, आर्म्स लाइसेंस, अनुकंपा नियुक्ति, मूक-बधिर रोजगार, अवैध भूमि बिक्री, पार्किंग आवंटन में विलंब, सड़क व पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा संबंधी ज्ञापन भी दिए गए.
प्रशासन की जिम्मेदारी और संकल्प
नागरिकों से संवाद करते हुए उपायुक्त ने कहा कि हर समस्या का त्वरित समाधान संभव न भी हो, लेकिन सभी शिकायतों को गंभीरता व पारदर्शिता से सुनना और उन पर कार्रवाई करना प्रशासन का दायित्व है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि जन शिकायत निवारण दिवस का उद्देश्य अधिकतम नागरिकों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराना है. विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

