
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के प्लाजा टेम्पो स्टैंड मोड़ पर मंगलवार शाम एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने मोड़ पर स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई। हादसे में स्कूटी सवार को सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों ने तुरंत स्थिति संभालते हुए टाटा मोटर्स अस्पताल को फोन कर एम्बुलेंस मंगाई। कुछ ही देर में एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। स्कूटी सवार की पहचान प्रकाश नगर, सिल्वर टॉवर निवासी के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना में शामिल कार का रजिस्ट्रेशन नंबर JH 05 DX 1015 था। हादसे के बाद चालक गाड़ी सहित मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि मोड़ पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन ट्रैफिक नियंत्रण के पर्याप्त उपाय नहीं किए गए हैं।
सूचना मिलने के बाद टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रत्यक्षदर्शियों से बयान दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
घटना के बाद से क्षेत्र में आक्रोश है। लोगों ने मांग की है कि इस मोड़ पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती और स्पीड ब्रेकर लगाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

