
उदित वाणी, जमशेदपुर : स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त 2025) एवं श्री कृष्ण जन्माष्टमी (16 अगस्त 2025) के अवसर पर शहर में सुगम यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है।
जमशेदपुर ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त 2025 को प्रातः 06:00 बजे से रात्रि 11:00 बजे तक तथा 16 अगस्त 2025 को संध्या 06:00 बजे से अगले दिन प्रातः 02:00 बजे तक शहर सीमा के भीतर सभी प्रकार के भारी वाहनों का परिचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इस प्रतिबंध से केवल यात्री बसों को छूट दी गई है। अन्य ट्रकों, ट्रेलरों, डंपरों एवं वाणिज्यिक मालवाहक वाहनों को शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
अधिकारियों ने बताया कि इन दोनों अवसरों पर शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों एवं आयोजन स्थलों के आसपास भीड़भाड़ की संभावना रहती है। ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और आमजन की सुविधा के लिए भारी वाहनों का परिचालन रोका गया है। पुलिस ने परिवहन व्यवसायियों और ट्रक ऑपरेटरों से अपील की है कि वे निर्धारित समय में अपने वाहनों की आवाजाही शहर से बाहर ही रखें।
ट्रैफिक डीएसपी ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करें और अनावश्यक रूप से सड़कों पर वाहन खड़े न करें। पुलिस द्वारा यातायात नियंत्रण हेतु अतिरिक्त बल की तैनाती की जाएगी और उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
इस विशेष व्यवस्था के तहत आम लोगों से आग्रह किया गया है कि वे कार्यक्रमों में समय से पहुंचें और वाहन पार्किंग के लिए पुलिस के निर्देशों का पालन करें, जिससे उत्सवों का आनंद बिना किसी अव्यवस्था के लिया जा सके।

