
उदित वाणी, जमशेदपुर : देश की आन, बान और शान के प्रतीक तिरंगे के सम्मान में आज 106 वाहिनी, सुंदरनगर, जमशेदपुर के कमांडेंट राजीव कुमार के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन हुआ. यह यात्रा एकता, साहस और बलिदान के संदेश के साथ पूरे क्षेत्र में देशभक्ति की लहर फैलाते हुए निकाली गई.
सुबह से ही जवानों में खासा उत्साह देखने को मिला. यात्रा की शुरुआत में कमांडेंट राजीव कुमार के साथ द्वितीय कमानधिकारी श्री शैलेन्द्र कुमार, द्वितीय कमानधिकारी श्री सच्चिदानंद मिश्र, द्वितीय कमानधिकारी श्री कौशल सदन गिरी सहित अन्य अधिकारीगण और सैकड़ों जवान तिरंगे के साथ कदमताल करते हुए शामिल हुए. गगनभेदी देशभक्ति नारों और जोशीले गीतों के साथ यह यात्रा सुंदरनगर की गलियों और मुख्य मार्गों से होकर गुज़री.

रास्ते में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने जवानों का फूल-मालाओं से स्वागत किया. कई स्थानों पर रंग-बिरंगे स्वागत द्वार सजाए गए थे, जहाँ से गुजरते समय यात्रा में शामिल जवानों और अधिकारियों पर पुष्पवर्षा की गई. युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने घरों की छतों और दुकानों से तिरंगा लहराते हुए इस आयोजन का समर्थन किया.
कमांडेंट राजीव कुमार ने कहा, “हमारा तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि यह हमारी एकता, साहस और बलिदान का प्रतीक है. इस यात्रा का उद्देश्य हर नागरिक के हृदय में राष्ट्रभक्ति की भावना को और प्रबल करना है.” उन्होंने लोगों से अपने घरों, दुकानों और कार्यस्थलों पर तिरंगा फहराने का आग्रह किया.

यात्रा के दौरान लोगों ने भी उत्साहपूर्वक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भाग लेने का संकल्प लिया. कई सामाजिक संगठनों और स्कूल-कॉलेज के छात्रों ने भी हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल होकर माहौल को और ऊर्जावान बना दिया.
यह तिरंगा यात्रा केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण और एकजुटता का जीवंत संदेश थी. इसमें शामिल हर चेहरा देश के लिए गर्व, जोश और बलिदान की भावना से ओतप्रोत नज़र आया. सुंदरनगर में यह आयोजन लंबे समय तक लोगों की स्मृतियों में देशभक्ति के अद्वितीय उदाहरण के रूप में दर्ज रहेगा.

