
उदित वाणी, बहरागोड़ा : मंगलवार को बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के राजलावांध पंचायत अंतर्गत उईनाला गांव में करंट हादसे ने एक मासूम की जान ले ली. गांव के निवासी विपुल नायक का 10 वर्षीय पुत्र चंचल नायक, जो बालिका मध्य विद्यालय में पांचवीं कक्षा का होनहार छात्र था, पंखा चालू करने के दौरान करंट की चपेट में आ गया.
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम को चंचल घर पर टीवी देख रहा था. तेज गर्मी महसूस होने पर उसने पंखा चालू करने की कोशिश की. इसी दौरान विद्युत प्रवाह से वह जोरदार करंट की चपेट में आकर मौके पर ही बेहोश हो गया.
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने तुरंत त्वरित पहल करते हुए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बहरागोड़ा पहुंचाया. लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
गांव में इस दर्दनाक हादसे से मातम का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

