
उदित वाणी, रांची : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को इस बार परंपरा के इतर राजधानी के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में राज्यपाल संतोष गंगवार तिरंगा झंडा फहरा सकते हैं. गौरतलब है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पिता दिशोम गुरू शिबू सोरेन के निधन पर मुख्यमंत्री पितृधर्म का निर्वाह करते हुण् पैतृक गांव नेमरा में हैं और 15 अगस्त को ही गुरूजी का मुख्य श्राध्दकर्म दशकर्म है. ऐसी परिस्थिति में शायद मुख्यमंत्री परंपरानुसार इस बार मोराहाबादी मैदान में झंडोत्तलन कार्यक्रम में हिस्सा लेने में असमर्थ हो सकते हैं. सनद रहे कि राज्य में 15 अगस्त को मुख्यमंत्री द्वारा मोरहाबादी मैदान में व राज्यपाल द्वारा उपराजधानी दुमका में झंडा फहराने की परंपरा रही है. लेकिन विकट परिस्थिति में इस बार परंपरा टूट सकती है. राज्यपाल गंगवार गुरूवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलने नेमरा गए थे. वहां राजपाल ने पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी और मुख्यमंत्री को ढाढस बंधाते हुए सांत्वना दी. बताया गया कि इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वयं राज्यपाल से 15 अगस्त को मोरहाबादी मैदान में तिरंगा फहराने का आग्रह किया है और मुख्यमंत्री के आग्रह पर राज्यपाल की ओर से मौन सहमति भी दे दी गई है. यद्यपि इस संबंध में अभी तक राजभवन व राज्य सरकार द्वारा आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
