
उदित वाणी, रांची : 31 जुलाई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के रांची आगमन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करेंगे. वहीं एक अगस्त को वित्तमंत्री राधाकृष्ण किशोर राष्ट्रपति को विदा करेंगे. इधर राष्ट्रपति के दो दिवसीय झारखंड दौरे को लेकर जिला प्रशासन द्वारा राष्ट्रपति की सुरक्षा की बिशेष तैयारी की गई है. बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से लेकर हिनू चौक, बिरसा चौक, अरगोड़ा चौक और राजभवन तक के 200 मीटर के दायरे को नो फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया गया है और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है.
प्रशासन द्वारा ड्रोन, पैराग्लाइडिंग और हॉट एयर बैलून जैसी उड़ने वाली गतिविधयों पर भी प्रतिबंध लगाया गया है. रांची अनुमंडल दंडाधिकारी द्वारा बीएनएस की धारा 163 के तहत 2 दिनों तक निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है. यह व्यवस्था 31 जुलाई की सुबह 6 बजे से 1 अगस्त की रात 10 बजे तक लागू रहेगी. वही राष्ट्रपति भवन ने राज्य सरकार को कार्यक्रम का मिनट टू मिनट भेज दिया है. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 31 जुलाई को कोलकाता से दिन के लगभग 12.30 बजे देवघर आएंगी और एम्स के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद शाम 5.20 बजे रांची पहुंचेंगी.
राजभवन में रात्रि विश्राम करने के बाद अगले दिन एक अगस्त को सुबह 10 बजे रांची एयरपोर्ट से दुर्गापुर के लिए रवाना होंगी और दुर्गापुर से 11.40 बजे हेलीकॉप्टर से धनबाद पहुंचेंगी. धनबाद में आईआईटी-आईएसएमद के दीक्षांत समारोह में भाग लेने के बाद 3.10 बजे हेलीकॉप्टर से दुर्गापुर वापस जाकर फिर वहां से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी.
