
उदित वाणी, पटमदा: साउथ प्वाइंट स्कूल, पटमदा के विद्यार्थियों ने आज “सुधा डेयरी” का शैक्षिक भ्रमण किया। यहां उन्होंने दुग्ध उत्पादन की प्रक्रिया को नजदीक से देखा और महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की.
विद्यालय के प्राचार्य श्री अरुण कुमार सिंह ने बच्चों को सुबह प्रार्थना सभा के बाद विदा किया और उन्हें संबोधित करते हुए बताया कि “सुधा डेयरी” बिहार राज्य दुग्ध सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा संचालित एक प्रमुख डेयरी उत्पादक संगठन है, जो बिहार सरकार के सहकारिता मंत्रालय के स्वामित्व में है. उन्होंने बच्चों को यह भी बताया कि इस भ्रमण से वे न केवल आनंद प्राप्त करेंगे, बल्कि महत्वपूर्ण शैक्षिक जानकारी भी प्राप्त करेंगे.
“सुधा डेयरी” के मैनेजमेंट ने बच्चों को संबोधित करते हुए बताया कि इसकी स्थापना 1983 में बिहार सरकार की राज्य सहकारी समिति के रूप में की गई थी और यह अपने उत्पादों का विपणन “सुधा डेयरी” लेबल के तहत करता है.
इस शैक्षिक भ्रमण में लगभग 100 बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और डेयरी उत्पादों की उत्पादन प्रक्रिया से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियों को सीखा.

