
उदित वाणी, कोलाबीरा : रविवार देर रात गम्हरिया थाना के ठीक सामने स्थित रामचंद्रपुर में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता सुखराम टुडू पर घात लगाए अपराधियों ने जानलेवा हमला कर दिया. श्री टुडू गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और फिलहाल टीएमएच के सीसीयू में उनका इलाज चल रहा है.
दरवाजा खोलने के लिए किया था फोन, वहीं से सुनाई दी चीख
घटना के वक्त श्री टुडू की पत्नी बांगी टुडू घर में मौजूद थीं. उन्होंने बताया कि सुखराम टुडू प्रतिदिन की तरह रविवार रात भी लगभग 10:45 बजे घर पहुंचने से पहले दरवाजा खोलने के लिए फोन किए थे. उसी कॉल पर अचानक चीखने की आवाज सुनाई दी. बाहर निकलते ही देखा गया कि सुखराम टुडू जमीन पर लहूलुहान पड़े हैं और तीन हमलावर उन पर चाकू से वार कर रहे हैं.
बचाव में बाहर निकलते ही हमलावर भाग निकले. हमले में श्री टुडू की छाती, पीठ और गले पर गंभीर चोटें आई हैं.
प्राथमिकी दर्ज, हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग
घटना को लेकर श्रीमती टुडू ने गम्हरिया थाना में सुजीत घोष समेत अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. घटना का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस जांच में जुटी है.
झामुमो कार्यकर्ताओं का थाने पर प्रदर्शन, 24 घंटे का अल्टीमेटम
घटना की जानकारी मिलने के बाद झामुमो नेता एवं बोड़ पीड़ पारगाना राजेश टुडू, अन्य माझी बाबा और परिजन बड़ी संख्या में गम्हरिया थाना पहुंचे. उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है.

