
उदित वाणी जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के मोदी पार्क के समीप स्थित गोलचक्कर पर रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काले रंग की क्रेटा कार तेज रफ्तार में गोलचक्कर की ओर बढ़ रही थी। मोड़ पर नियंत्रण खोने के कारण वह अचानक सफेद रंग की अर्टिगा से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियों के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और आसपास अफरातफरी मच गई।
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बिष्टुपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि दोनों कारों में सवार युवकों की पहचान की जा सके।
सौभाग्यवश इस दुर्घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है। कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें स्थानीय लोगों ने प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। उन्होंने बताया कि गोलचक्कर पर आए दिन तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने के कारण हादसे होते रहते हैं। बावजूद इसके, ट्रैफिक पुलिस की ओर से यहां पर्याप्त निगरानी नहीं की जाती। लोगों ने मांग की कि गोलचक्कर के पास स्पीड ब्रेकर और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए, ताकि ऐसे हादसों पर रोक लग सके। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और कार सवारों के खिलाफ कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

