
उदित वाणी, आदित्यपुर: लगातार हो रही बारिश ने आदित्यपुर के चावला मोड़ के पास स्थित विद्युतनगर बस्ती में भारी तबाही मचा दी है। रविवार को बारिश के कारण बस्ती के 17 घर पूरी तरह से ध्वस्त हो गए। वहीं अन्य कई घरों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है। इस कारण स्थानीय लोग बेहद परेशान हैं और खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं।
बारिश की वजह से कच्चे मकानों की दीवारें और छतें ढह गईं। कुछ घरों की दीवारों में दरारें आ गई हैं, जिससे कभी भी और नुकसान की आशंका बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर झारखंड आदिवासी संगठन के महासचिव रविन्द्र बॉस्के के नेतृत्व में एक टीम ने सोमवार को बस्ती का दौरा किया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया।
रविन्द्र बॉस्के ने बताया कि प्रशासन अब तक मौके पर नहीं पहुंचा है। बस्ती के लोगों की परेशानी को देखते हुए 22 जुलाई को बीडीओ और सीओ से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा जाएगा ताकि पीड़ित परिवारों को राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल राहत शिविर, भोजन, मुआवजा और वैकल्पिक आवास की व्यवस्था की मांग की है।

