
उदित वाणी, आदित्यपुर: धीराजगंज-सतबोहनी इलाके में मंगलवार रात अवैध संबंध को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। उधनाबाद, गिरिडीह निवासी राजेश कुमार महथा की उसकी पत्नी पूजा कुमारी ने सोते समय हथौड़े से वार कर हत्या कर दी। आरोपी पत्नी को आदित्यपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पूजा कुमारी अपने पति के साथ गौरांग चंद्र मुखी के मकान में किराए पर रहती थी। घटना के बाद वह अपने बच्चों को लेकर मौके से फरार हो गई थी। हत्या की सूचना पर सक्रिय हुई आदित्यपुर पुलिस ने कांड संख्या 228/25 के तहत छानबीन शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पत्नी को दबोच लिया।
पुलिस ने पूछताछ के दौरान हत्या में प्रयुक्त खून से सना लोहे का हथौड़ा, एक काँटी, और खून लगे दो स्मार्टफोन बरामद किए हैं। पूछताछ में पूजा ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मृतक के कई महिलाओं से अवैध संबंध थे, जिससे पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। इसी विवाद के चलते मंगलवार रात पूजा ने सोए हुए पति के सिर पर हथौड़े से वार कर उसकी हत्या कर दी।
इस मामले में मृतक के बड़े भाई उमेश महथा (निवासी: कोयमारा, गिरिडीह) ने आदित्यपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत के निर्देश पर सरायकेला एसडीपीओ समीर कुमार सवैया के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में थाना प्रभारी विनोद कुमार तिर्की, अवर निरीक्षक संतोष कुमार सेन, सुषमा कुजूर, सुधांशु कुमार, सुरेश राम, आरक्षी नीतिश कुमार पांडेय, महिला आरक्षी जाही मुर्मू, और चालक आरक्षी सोवन हांसदा सहित सशस्त्र बल शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

