
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के नागाडीह में रविवार रात डकैती की योजना बना रहे पांच शातिर अपराधियों को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने नागाडीह फुटबॉल मैदान से इन सभी को घेराबंदी कर पकड़ा. आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा गोली भी बरामद की गई है.
गिरफ्तार आरोपियों में ग्वाला पट्टी निवासी राहुल यादव उर्फ छोटू, कीताडीह ग्वाला पट्टी साईं मंदिर के पास रहने वाला रंजन कुमार सिंह, विजय शंकर सिंह उर्फ बाबू, सूरज कुमार दास और शुभम कुमार दास शामिल हैं. सभी पर पहले से आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप भी हैं. पुलिस सूत्रों के अनुसार, ये पांचों बीते कुछ दिनों से किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे.
रविवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच जब सभी आरोपी नागाडीह स्थित फुटबॉल मैदान में जमा होकर डकैती की योजना बना रहे थे, तभी बागबेड़ा पुलिस को इसकी गुप्त सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए चारों ओर से घेराबंदी कर पांचों को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया है.
घटना के संबंध में बागबेड़ा निवासी जेवियर होरो के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और इनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इनके साथ और कौन-कौन लोग इस योजना में शामिल थे.
पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं और स्थानीय लोगों ने बागबेड़ा पुलिस की तत्परता की सराहना की है.
