
उदित वाणी, कोलाबीरा : कांड्रा-चौका सड़क मार्ग पर गुरुवार अहले सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब लखना सिंह घाटी के पास एक चलती ट्रक में अचानक आग लग गई. बताया गया कि ट्रक कांड्रा की ओर जा रही थी. इसी दौरान चालक की लापरवाही से ट्रक सड़क किनारे रेलिंग से टकरा गई, जिससे शॉर्ट सर्किट हो गया और ट्रक में आग लग गई.
सूचना मिलते ही हरकत में आया प्रशासन
जैसे ही ट्रक में आग लगी, चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकला. स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की जानकारी कांड्रा थाना को दी. चूंकि यह इलाका चौका थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए कांड्रा पुलिस ने चौका थाना और दमकल विभाग को सूचित किया.
दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा
दमकल की गाड़ी समय पर घटनास्थल पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया. यदि आग समय पर नहीं बुझाई जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था. घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है.

