
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र के परदेशी पाड़ा निवासी महिला पिंकी देवी बुधवार को अपने पति बालकृष्ण के साथ रोते-बिलखते उपायुक्त कार्यालय पहुंचीं. उन्होंने उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपते हुए न्याय की गुहार लगाई और आरोप लगाया कि उनकी छोटी बहन रश्मी सिंह और उसके पति संजीत कुमार ने उनसे उनकी गोद ली हुई बच्ची को जबरन छीन लिया है.
पिंकी देवी के अनुसार, वर्ष 2019 में उन्होंने अपनी छोटी बहन रश्मी से दो माह की नवजात बच्ची ‘सान्वी राज’ को गोद लिया था. तब से लेकर अब तक वही बच्ची की परवरिश कर रही थीं. पिंकी का दावा है कि रश्मी और उसके पति संजीत की आपसी कलह के कारण वे लोग बच्ची की देखभाल करने में असमर्थ थे और तब संजीत बेटी होने के कारण रश्मी से मारपीट करता था.
सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था, लेकिन हाल ही में रश्मी और संजीत ने पिंकी से कार खरीदने के लिए दस लाख रुपये की मांग की. जब पिंकी और उनके पति ने रकम देने से इनकार कर दिया, तो रश्मी- संजीत ने उन्हें देख लेने की धमकी दी. कुछ ही दिनों बाद कदमा थाना में रश्मी ने शिकायत दर्ज कराई कि बच्ची को पिंकी ने जबरन रखा है. पुलिस कार्रवाई के बाद बीती रात सान्वी को जबरन पिंकी के घर से उठाकर रुपनगर स्थित एक आश्रम में भेज दिया गया.
इस घटना से पिंकी और उनके पति बेहद व्यथित हैं. उनका कहना है कि सान्वी जन्म से ही उनके पास रह रही थी और वही उसके माता-पिता सरीखे थे. बच्ची को अचानक उनसे दूर कर देना अमानवीय और अन्यायपूर्ण है. उन्होंने उपायुक्त और एसएसपी से हस्तक्षेप कर बच्ची को वापस दिलाने और रश्मी व संजीत पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है.फिलहाल जिला प्रशासन ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है.

