
उदित वाणी, पटमदा : पटमदा प्रखंड अंतर्गत बिड़रा प्राथमिक विद्यालय का भवन वर्षों से जर्जर हालत में है. कई बार विभागीय अधिकारियों से इसकी मरम्मत या नए भवन की मांग की गई, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी. इस उपेक्षा का खामियाजा अब गांव के गरीब बच्चों को भुगतना पड़ रहा है.
पानी में डूबी कक्षा, शेड बना क्लासरूम
लगातार बारिश से विद्यालय भवन की छत टपकने लगी है और अंदर पानी भर चुका है. एक कमरे की छत से प्लास्टर भी गिरने लगा है, जिससे बच्चों की सुरक्षा को खतरा है. ऐसी स्थिति में कक्षा 1 से 5 तक के 104 छात्रों को एक अस्थायी शेड के नीचे पढ़ाया जा रहा है. शिक्षिका अदिति विश्वास और सबिता महतो ने बताया कि भवन की हालत इतनी खराब है कि न तो बच्चों को भीतर बैठाया जा सकता है और न ही जरूरी सामान सुरक्षित रखा जा सकता है.
नाराज अभिभावकों ने जताया विरोध
स्थिति से परेशान अभिभावक बुधवार सुबह विद्यालय पहुंचे और विभाग के प्रति आक्रोश जताया. उपमुखिया गोपाल गोराई और ग्राम प्रधान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बीईईओ और कनीय अभियंता से संपर्क साधा. अधिकारियों ने बताया कि यह विद्यालय मरम्मत या निर्माण की प्राथमिक सूची में शामिल है. पूर्व में जमीन विवाद के कारण स्वीकृत फंड लौटाना पड़ा था, लेकिन अब जमीन की उपलब्धता के बावजूद फंड की कमी समस्या बनी हुई है.
कक्षा बंद करने की चेतावनी
उपमुखिया ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि जल्द ही कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई तो बरसात के दिनों में कक्षा संचालन असंभव हो जाएगा. बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और प्रशासन को इसे प्राथमिकता देनी चाहिए.

