
उदित वाणी, रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लगभग 12 दिनों के बाद बुधवार को दिल्ली से रांची लौटेंगे. ज्ञात हो कि हो कि अपने पिता व झामुमो के संस्थापक संरक्षक शिबू सोरेन के इलाज को लेकर पिछले 24 जून से ही दिल्ली में हैं और दिल्ली से ही राज्य सरकार के कामकाज को निष्पादित कर रहे हैं. गुरूजी दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में इलाजरत है और फिलहाल उनके स्वास्थ्य में सुधार है. मुख्यमंत्री सोरेन बुधवार को रांची लौटेंगे और 10 जुलाई को रांची में होनेवाली पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल होंगे. इसके अलावा अगले दिन मुख्यमंत्री 11 जुलाई को राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे.
उसके बाद मुख्यमंत्री फिर दिल्ली लौट जायेंगे. 11 जुलाई को दिन के दो बजे से कैबिनेट की बैठक बुलायी गयी है. लंबे अरसे बाद होनेवाली इस कैबिनेट की बैठक में लगभग तीन दर्जन प्रस्तावों पर स्वीकृति दिये जाने की संभावना है. जानकारी के मुताबिक कैबिनेट में राज्य निर्वाचन आयुक्त के पद भी नियुक्ति को लेकर भी निर्णय लिया जा सकता है. गौरतलब है कि मुख्यमंत्री के साथ उनके अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी दिल्ली में हैं और सरकारी कामकाज निष्पादित करने में मदद कर रहे हैं.
मंत्री हफीजुल हसन गुडगांव स्थित मेदांता अस्पताल में हैं भर्ती, सीएम ने की भेंट
हेमंत सरकार के जल संसाधन एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन गुडगांव स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं. कुछ दिन पहले उनकी हार्ट हृदय सर्जरी की गई है और अब चिकित्सकों की निगरानी में हैं. मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी पत्नी विधायक कल्पना सोरेन के साथ मेदांता अस्पताल जाकर उनका हालचाल लिया. मुख्यमंत्री ने हफीजुल हसन को सांत्वना देते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.
