
उदित वाणी, पटमदा : बोड़ाम थाना क्षेत्र के पहाड़पुर पंचायत अंतर्गत सोमाडीह गांव में अवैध तरीके से महुआ शराब बनाने एवं बिक्री करने वालों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महिलाओं ने रैली निकाली. इस दौरान शराब का कारोबार करने वालों को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए महिलाओं ने पूर्णतः कारोबार बंद करने की चेतावनी दी. अगर एक सप्ताह के बाद दुबारा कारोबार करते हुए पकड़े गए तो क्षेत्र की सभी शराब भट्टियों को तोड़ने एवं पुलिस प्रशासन की मदद से कानूनी कार्रवाई करने हेतु आंदोलन किया जाएगा.
महिलाओं ने अपने गांव में अवैध शराब का कारोबार धड़ल्ले से चलने की जानकारी दूरभाष के माध्यम से बोड़ाम थाना प्रभारी को देते हुए उनके अभियान में साथ देने का आग्रह भी किया. इस संबंध में मंगलवार को एक लिखित आवेदन भी बोड़ाम थाना को देने का निर्णय लिया गया है. मौके पर बिपुला सिंह, मुनका सिंह, सबिता सिंह, सरस्वती सिंह, फुलमणि सिंह, तुलावती सिंह, गुरुवारी सिंह, सुशारी सिंह एवं खिरोमनी सिंह आदि मौजूद थे.

