
उदित वाणी, जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के सुनसुनिया गेट के पास शनिवार को एक चेसिस चालक से दबंगई करने और जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घायल चालक कमलेश यादव का आरोप है कि तीन बदमाशों ने न सिर्फ उसके वाहन से जबरन माल उतारा, बल्कि विरोध करने पर उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसका सिर फट गया।
कमलेश यादव पेशे से ट्रक-चेसिस चालक है और शनिवार को वह माल लेकर बाहर से जमशेदपुर पहुंचा था। जैसे ही वह सुनसुनिया गेट के पास रुका, तभी वहां पहले से मौजूद तीन युवकों—सांड, शुभम और महेश—ने दबंगई दिखाते हुए उसके वाहन से जबरन सामान उतारना शुरू कर दिया।
कमलेश ने जब इसका विरोध किया तो तीनों ने उसे घेर लिया और बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। हमले में उसका सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। हमलावर यहीं नहीं रुके। उन्होंने घायल चालक को धमकाया कि अगर वह इस घटना की शिकायत थाने में करेगा तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने किसी तरह से बीच-बचाव कर कमलेश को हमलावरों से छुड़ाया और उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद मामला बर्मामाइंस थाना तक पहुंचा, जहां पीड़ित ने लिखित शिकायत दर्ज कराई।
कमलेश ने बताया कि वह तीनों आरोपियों को पहले से पहचानता है। पहले भी उनसे उसका विवाद हो चुका है। घटना के बाद वह डरा-सहमा है, लेकिन कानून पर भरोसा जताते हुए उसने मामला दर्ज कराया है।
बर्मामाइंस थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। तीनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में अक्सर बाहरी चालकों को दबंगों द्वारा निशाना बनाया जाता है। पुलिस से मांग की गई है कि इस तरह की घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई हो ताकि अपराधियों में डर पैदा हो।

