
उदित वाणी, जमशेदपुर: समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जन शिकायत निवारण दिवस के अवसर पर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जिले के विभिन्न भागों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं. इस दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में लोगों ने व्यक्तिगत और सामाजिक समस्याएं उनके समक्ष रखीं.
कौन-कौन सी समस्याएं आईं सामने?
जनता ने उपायुक्त के समक्ष जिन प्रमुख मुद्दों को उठाया, उनमें शामिल थे:
वृद्धा पेंशन की लंबित समस्याएं
चौकीदार पद पर नियुक्ति की मांग
एनएचएआई द्वारा अधिग्रहीत भूमि का मुआवजा भुगतान
पीडीएस दुकान आवंटन की मांग
मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना का लाभ
भूमि विवाद और किराया संबंधित समस्याएं
शराब दुकान के लाइसेंस का मामला
अतिक्रमण, पार्किंग की कठिनाइयाँ
अनुभव प्रमाण पत्र और संस्थानों से बकाया भुगतान
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ी शिकायतें
प्रतिनिधिमंडलों ने भी रखी अपनी बात
मजदूर संघ, दलमा ग्राम सुरक्षा मंच समेत अन्य संगठनों ने भी उपायुक्त के समक्ष अपने सुझाव और समस्याएं रखीं. उपायुक्त ने सभी विषयों को गंभीरता से लेते हुए समाधान का भरोसा दिलाया. जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान कुछ समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया गया. वहीं अन्य आवेदनों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध कार्रवाई हेतु निर्देश दिए गए.
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि — “जनता से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी शिकायतों का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है. जन शिकायत निवारण दिवस इस दिशा में एक प्रभावी माध्यम है.”

