
उदित वाणी, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में अब भूमि विवादों के समाधान के लिए एक नई व्यवस्था प्रभावी हो गई है. उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर जिले के प्रत्येक थाना क्षेत्र में हर गुरुवार ‘भूमि विवाद समाधान दिवस’ आयोजित किया जा रहा है. इस शिविर का उद्देश्य है – आम लोगों की जमीन से जुड़ी समस्याओं को समय पर हल कर विवाद की जड़ को खत्म करना.
अब तक 428 मामलों की सुनवाई, 284 का समाधान
जिला प्रशासन की इस पहल के तहत अब तक 428 भूमि विवादों की सुनवाई हो चुकी है. इनमें से 284 मामलों का निपटारा सफलतापूर्वक किया गया. यही नहीं, आज आयोजित शिविर में प्राप्त आवेदनों में से करीब 50 प्रतिशत मामलों का निपटारा मौके पर ही कर दिया गया, जिससे आवेदकों को त्वरित राहत मिली.
पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम कर रही निष्पादन
प्रत्येक शिविर में संबंधित थाना क्षेत्र के अंचल अधिकारी, राजस्व उपनिरीक्षक, अंचल निरीक्षक और पुलिस पदाधिकारी की संयुक्त टीम बनाई जाती है. यह टीम मौके पर जाकर जांच करती है और निष्पादन सुनिश्चित करती है. पुलिस और राजस्व विभाग के इस समन्वित प्रयास से लंबे समय से लंबित विवाद भी सुलझने लगे हैं.
डीसी का निर्देश – निष्पक्ष जांच हो, समय पर समाधान मिले
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सभी अंचल अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि प्रत्येक मामले की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच करें और निष्पादन समय पर करें.
आम नागरिकों से अपील
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे जमीन से संबंधित किसी भी विवाद के समाधान के लिए गुरुवार को अपने नजदीकी थाना में आयोजित होने वाले भूमि विवाद समाधान दिवस में भाग लें. आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत करें और प्रशासनिक पहल का लाभ उठाएं.

