
उदित वाणी, आदित्यपुर : छात्रों के सर्वांगीण विकास और उनमें नैतिक मूल्यों की स्थापना के उद्देश्य से सेंट्रल पब्लिक स्कूल, आदित्यपुर के बाल संस्कार केंद्र में आज साप्ताहिक प्रेरणादायक सत्र आहूत किया गया. संत श्री आशारामजी बापू आश्रम द्वारा, श्री योग वेदांत सेवा समिति के मार्गदर्शन में आहूत किए गए इस सत्र में कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया. सत्र का उद्देश्य छात्रों की एकाग्रता को बढ़ाना, नैतिक मूल्यों का विकास करना और योग को उनके दैनिक जीवन में शामिल करने के लिए प्रेरित करना था.
स्कूल के प्राचार्य, प्रबंधन और शिक्षकों ने इस साप्ताहिक कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे छात्रों के मानसिक और आध्यात्मिक विकास के लिए अत्यंत लाभकारी बताया. कार्यक्रम का समापन उत्साहवर्धक संदेश के साथ हुआ, जिसमें श्री योग वेदांत सेवा समिति के प्रतिनिधियों ने प्रत्येक सप्ताह ऐसे प्रेरणादायक सत्र आयोजित करते रहने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई, जिससे विद्यालय की समग्र शिक्षा के लक्ष्य को सुदृढ़ समर्थन मिल सके.

