
उदित वाणी, रांची : स्वास्थ्य मंत्री डा इरफान अंसारी की रिम्स निदेशक डा राजकुमार को हटाने की कवायद को एक बार फिर झटका लगा. इस बार अंसारी को अपनी ही पार्टी कांग्रेस के विधायक सुरेश बैठा ने झटका दिया. ज्ञात हो कि बतौर स्वास्थ्य मंत्री व रिम्स शासी निकाय के अध्यक्ष अंसारी ने रिम्स निदेशक को प्रक्रिया अपनाये बिना बेवजह पद से हटा दिया था. लेकिन झारखंड हाईकोर्ट ने रिम्स निदेशक को हटाने संबंधी स्वास्थ्य मंत्री के आदेश पर रोक लगा दिया है. इसके बाद इरफान अंसारी द्वारा डा राजकुमार को रिम्स निदेशक पद से हटाने के लिए फिर नये सिरे से कार्रवाई शुरू करते हुए विभागीय प्रक्रिया संचालित की जा रही है. जिसके तहत स्वास्थ्य मंत्री डा इरफान अंसारी ने रिम्स निदेशक से स्पष्टीकरण पूछा. जिसका जबाब डा राजकुमार ने दे दिया है.
अब प्रक्रिया अपनाते हुए रिम्स निदेशक को हटाने के लिए अंसारी रिम्स शासी परिषद के सदस्यों से सहमति प्राप्त करने का प्रयास कर रहे हैं. परंतु बतौर शासी परिषद के सदस्य रांची के सांसद संजय सेठ और कांके से कांग्रेस विधायक सुरेश बैठा ने हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया. विधायक सुरेश बैठा ने स्पष्ट कहा कि वे किसी के कहने से कहीं भी साइन नहीं करेंगे. रिम्स निदेशक को हटाने के पुराने आदेश पर जब हाईकोर्ट ने स्टे लगाया है, तो फिर इस तरह की मुहिम चलाना भी गलत है. उन्होंने कहा कि कुछ अधिकारी भी मंत्री से गलत काम करवाना चाह रहे हैं. वहीं इरफान अंसारी ने विधायक के इंकार करने पर कहा कि अगर किसी को हस्ताक्षर नहीं करना है, तो ना करें. लेकिन ऐसी बातों को लेकर मीडिया में जाना और बयानबाजी करना ठीक नहीं है. उन्होंने विधायक के इस व्यवहार की आलोचना की.
