
उदित वाणी, पटमदा : पटमदा के डाक बंगला भवन परिसर में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी पटमदा मंडल की ओर से ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया. यह सभा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से की गई.
सभा की अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष बासुदेव मंडल ने की. वहीं, बतौर मुख्य अतिथि जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो उपस्थित थे. उन्होंने कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर की.
सांसद बोले: 55 साल बनाम 11 साल
अपने संबोधन में सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि कांग्रेस ने 55 वर्षों में जो कार्य नहीं कर पाए, वह नरेंद्र मोदी ने 11 वर्षों में कर दिखाया है. उन्होंने बताया कि देश में 81 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का लाभ मिल रहा है, जिनमें झारखंड के 2 करोड़ 60 लाख लोग शामिल हैं.
सांसद ने यह भी कहा कि देशभर में 4 करोड़ पक्के मकान बनाए गए हैं, जिनमें 18 लाख 50 हजार मकान झारखंड के गरीबों को मिले हैं. इसके अलावा हर घर नल योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और फसल बीमा योजना जैसी अनेक योजनाओं का उल्लेख किया गया.
विकसित भारत का लिया संकल्प
सभा के अंत में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘विकसित भारत’ के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया.
सभा में कौन-कौन रहे मौजूद?
कार्यक्रम में भाजपा पटमदा मंडल अध्यक्ष बासुदेव मंडल, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप बेसरा, संदीप मिश्रा, निरंजन रजक, विमल मंडल, अजय प्रमाणिक, बंकिम महतो, रेवती महतो, राजेंद्र कुंभकार, देवेंद्र कुंभकार, शरद सिंह, सोना रतन सिंह और आकुल दत्त समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

