
नगर परिषद की पहल, एक करोड़ की योजना पर होगा काम
उदित वाणी, जमशेदपुर: जुगसलाई की 50 हजार की आबादी की वर्षों पुरानी पानी की समस्या से निजात मिलने जा रही.
जुगसलाई नगर परिषद ने इसके लिए एक करोड़ रुपये की योजना को अमलीजामा पहनाने जा रहा है. इसके साथ ही बिजली विभाग और पीएचईडी के बीच पानी सप्लाई को लेकर होनेवाले विवाद का भी पटाक्षेप हो जाएगा.
जुगसलाई में पानी समस्या की जड़ में यह विवाद भी है. इसीलिए जुगसलाई नगर परिषद ने दोनों विभागों के इस विवाद के समाधान के लिए एक करोड़ की राशि खर्च करने की घोषणा की है. नगर परिषद 15 वें वित्त आयोग की रकम से एक करोड़ रुपये खर्च करने को तैयार है. जल्द ही पानी की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाएगा.
जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी जगदीश प्रसाद यादव ने बताया कि दोनों ही विभाग के अधिकारियों से कहा गया है कि नगर परिषद एक करोड़ रुपये खर्च करने को तैयार है. मिलकर जुगसलाई में पानी की समस्या को दूर करें. सहमति बनी कि तीन माह के अंदर सारी प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू कर दिया जाएग
समस्या का मुख्य कारण
जुगसलाई के लिए बने वाटर फिल्टर प्लांट में दो मोटर लगे हैं. कभी लो वाल्टेज तो कभी हाई वोल्टेज के कारण मोटर जलने की समस्या आती रहती है. इसका सीधा असर पानी सप्लाई पर पड़ता है. पीएचईडी का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही से ये होता है.
वहीं बिजली विभाग का कहना है कि ऐसा लो वोल्टेज की समस्या नहीं होता बल्कि अलग से डेडिकेटेड फीडर बनेगा तभी समस्या का समाधान होगा. जिस पर लगभग 50 लाख रुपये खर्च होंगे. इस पर पीएचईडी का कहना था कि वाटर ट्रिटमेंट प्लांट, जर्जर है. इसके अलावा जुगसलाई में पानी सप्लाई की पाइप लाइन 8 स्थानों पर जाम है.
विधायक मंगल कालिंदी ने की थी पहल
पिछले दिनों विधायक मंगल कालिंदी की अध्यक्षता में जुगसलाई की पानी समस्या को लेकर बिजली व पीएचईडी की संयुक्त बैठक हुई थी जिसमें समस्या पर विचार विमर्श हुआ था. इसी बैठक में नगर परिषद यह प्रस्ताव लाया गया था. विधायक मंगल कालिंदी ने कहा था कि अगर एक करोड़ के अलावा और पैसों की आवश्यकता पड़ी तो विधायक फंड से वे पैसा मुहैया कराएंगे.

