
उदित वाणी, जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम ज़िले में आज राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित 10 जून से 26 जून तक चलने वाले राज्यव्यापी निषिद्ध मादक पदार्थ विरोधी जागरूकता अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई. इस अवसर पर समाहरणालय परिसर में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने उपस्थित पदाधिकारियों व कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई. तत्पश्चात उन्होंने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

नशा व्यक्ति ही नहीं, समाज को भी करता है अपंग
अपने संबोधन में उपायुक्त ने कहा कि नशे की लत न केवल व्यक्ति की शारीरिक और मानसिक सेहत को प्रभावित करती है, बल्कि उसके भविष्य, परिवार और समाज पर भी गहरा प्रभाव डालती है. उन्होंने इस सामाजिक बुराई के विरुद्ध सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर बल दिया.
जन-सहभागिता से बनेगा नशा-मुक्त पूर्वी सिंहभूम
सत्यार्थी ने नशीले पदार्थों के खिलाफ जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए आम जनता से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की. उन्होंने कहा कि सभी वर्गों के नागरिक अगर सहयोग करें तो नशा-मुक्त समाज का निर्माण संभव है.
जागरूकता अभियान में क्या-क्या होगा?
इस अभियान के अंतर्गत लोगों को जागरूक करने के लिए विभिन्न आउटरीच गतिविधियाँ, शैक्षणिक सत्र तथा सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इसका उद्देश्य युवाओं और समाज को स्वस्थ जीवन शैली की ओर प्रेरित करना है.

