उदित वाणी, जमशेदपुर: भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय ने प्रधानमंत्री जनजातीय न्याय और मान (PM-JANMAN) योजना के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले में 17 मल्टीपर्पज़ ट्राइबल सर्विस सेंटर (MPC) की स्थापना को स्वीकृति दे दी है. इन केंद्रों के माध्यम से जनजातीय समुदायों को शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, कौशल विकास, सामाजिक सुरक्षा और शासन संबंधी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी.
किन क्षेत्रों में खुलेंगे ये केंद्र?
जिले के विभिन्न प्रखंडों में प्रस्तावित केंद्रों की सूची इस प्रकार है:
पोटका प्रखंड – झारिया, टाँगराईन
गुड़ाबांदा प्रखंड – अर्जुनबेड़ा
घाटशिला प्रखंड – दीघा, बासाडेरा, रामचंद्रपुर, घुटिया, दारिसाई, गुढाझोर, चेंगजोड़ा, हलुदबनी
मुसाबनी प्रखंड – सोहदा, लवकेशरा, पाथरगोड़ा
डुमरिया प्रखंड – चटनीपानी, केंदुआ, लखाईडीह
एकीकृत सेवाओं की परिकल्पना
प्रत्येक एमपीसी केंद्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त आधारभूत ढांचा विकसित किया जाएगा. इनमें डिजिटल कनेक्टिविटी, चिकित्सा सहायता, प्रशिक्षण केंद्र, ग्राम सभा हॉल और सरकारी योजनाओं की जानकारी व लाभ वितरण हेतु समर्पित काउंटर शामिल होंगे. इन केंद्रों के संचालन में स्थानीय जनजातीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी.
विकास की नई परिभाषा बनेगा MPC
आईटीडीए के परियोजना निदेशक दीपांकर चौधरी ने बताया कि “एमपीसी केंद्र जनजातीय क्षेत्रों के सामाजिक और आर्थिक रूपांतरण का सशक्त माध्यम बनेंगे. प्रशासन इसके त्वरित और प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करेगा.” उन्होंने आगे कहा कि यह पहल न केवल क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को गति देगी, बल्कि जनजातीय समुदाय की जीवनशैली में गुणात्मक सुधार भी लाएगी.
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।