उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत नरगा डैम में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया, जहां डूबने से दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान गौरव सिंह (21) और अभिषेक कुमार (19) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के कासगंज मोहल्ला चौक के निवासी थे। दोनों जमशेदपुर के माचाबेड़ा में बांस का घर बनाने का कार्य करते थे और गोविंदपुर के माचाडीह गांव में रह रहे थे।
घटना रविवार दोपहर करीब 1.30 बजे की है। जानकारी के अनुसार, चार युवक नरगा डैम में नहाने गए थे, जिसमें से गौरव और अभिषेक ही पानी में उतरे थे। नहाने के दौरान गौरव अचानक डूबने लगा, जिसे बचाने के प्रयास में अभिषेक भी डूब गया। उनके साथ मौजूद भाइयों ने तुरंत घरवालों और पुलिस को सूचना दी। रात होने के कारण पुलिस तत्काल तलाश अभियान चला नहीं पाई।
सोमवार सुबह करीब 7 बजे दोनों युवकों के शव डैम में तैरते दिखे। इसके बाद गोताखोरों की मदद से शवों को बाहर निकाला गया और एमजीएम अस्पताल लाया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों को उनके परिजनों के हवाले कर गांव ले जाया जाएगा।
इस घटना से मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली है।
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।