उदित वाणी, नई दिल्ली: केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भारत सरकार की आधिकारिक यात्रा पर रूस की राजधानी मास्को पहुंचे. उनकी यह यात्रा भारत और रूस के बीच रक्षा सहयोग को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.मास्को आगमन पर भारत के राजदूत विनय कुमार और रूस के रक्षा मंत्रालय के मेजर जनरल ओलेग मोलेसेव ने उनका औपचारिक स्वागत किया. दोनों देशों के प्रतिनिधियों के बीच यह आत्मीय भेंट द्विपक्षीय विश्वास और सहयोग की भावना को रेखांकित करती है.
विजय दिवस परेड में भारत की गरिमामयी सहभागिता
संजय सेठ 9 मई को आयोजित रूस की प्रतिष्ठित विजय दिवस परेड में भारत की ओर से प्रतिनिधित्व करेंगे. यह परेड द्वितीय विश्व युद्ध में नाज़ी जर्मनी पर विजय की स्मृति में हर वर्ष रेड स्क्वायर में आयोजित की जाती है.भारत की ओर से इस परेड में उच्चस्तरीय भागीदारी, दोनों देशों के सामरिक संबंधों की गहराई को दर्शाती है.
रक्षा और रणनीति पर अहम बैठकें भी तय
मास्को प्रवास के दौरान संजय सेठ कई महत्वपूर्ण बैठकों में भी भाग लेंगे. इन बैठकों में भारत-रूस रक्षा सहयोग, तकनीकी साझेदारी और रणनीतिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा संभावित है.
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।