उदित वाणी, जमशेदपुर : हाल के दिनों में फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप द्वारा सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समाज को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में श्री परशुराम शक्ति सेना ने साइबर थाना, जमशेदपुर में शिकायत दर्ज कराई है. यह कार्रवाई संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष अभिषेक पांडे के नेतृत्व में की गई.
अनुराग कश्यप पर जातीय विद्वेष फैलाने का आरोप
संगठन ने अनुराग कश्यप पर जाति विशेष के खिलाफ नफरत फैलाने, हेट स्पीच देने और दुर्भावना से ग्रसित होकर सामाजिक वैमनस्य फैलाने का आरोप लगाया है. शिकायत में कहा गया कि यह पोस्ट ब्राह्मण समाज की गरिमा को ठेस पहुँचाने वाली है.
‘ब्राह्मण विरोध’ बनता जा रहा है ट्रेंड: अभिषेक पांडे
केंद्रीय अध्यक्ष अभिषेक पांडे ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से ब्राह्मणों को अपमानित करने का चलन बढ़ता जा रहा है. कई लोग प्रसिद्धि पाने के लिए ब्राह्मणों को निशाना बना रहे हैं. उन्होंने कहा कि आजकल देश में हर समस्या के लिए ब्राह्मणों को दोषी ठहराया जा रहा है.
‘अब ब्राह्मण समाज देगा करारा जवाब’
अभिषेक पांडे ने स्पष्ट किया कि ब्राह्मण समाज अब मौन नहीं रहेगा. उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति ब्राह्मणों की प्रतिष्ठा को ठेस पहुँचाने का प्रयास करेगा, उसे सामाजिक रूप से करारा उत्तर दिया जाएगा. उन्होंने यह भी जोड़ा कि ब्राह्मण समाज अब हर मंच पर विरोध करेगा और अपनी अस्मिता की रक्षा करेगा.
प्रतिनिधि मंडल में कई वरिष्ठ सदस्य शामिल
इस शिकायत को दर्ज कराने पहुंचे प्रतिनिधि मंडल में अभिषेक पांडे के साथ केंद्रीय उपाध्यक्ष संतोष पांडे, पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश तिवारी, राजा ओझा, ओमकार झा, दीपक झा समेत ब्राह्मण समाज के अनेक सदस्य मौजूद थे.
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।