
उदित वाणी जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव में बीती रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, आदित्यपुर टोल प्लाजा से ठीक पहले एक तेज रफ्तार एक्सयूवी (संख्या जेएच05डीएन-8067) अनियंत्रित होकर खाईनुमा गड्ढे में जा गिरी। गाड़ी की हालत देखकर दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। स्थानीय लोगों ने तड़के दुर्घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी पुलिस को दी।
माना जा रहा है कि गाड़ी तेज रफ्तार में थी, जिसके कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गाड़ी में कितने लोग सवार थे और उनकी वर्तमान स्थिति क्या है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। घायलों के संबंध में भी जानकारी एकत्र की जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मरीन ड्राइव पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

