
उदित वाणी जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र बालीगुमा स्थित साई निवास अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 103 में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। टाटा स्टील फाउंडेशन में मैनेजर एग्रीकल्चर पद पर कार्यरत प्रदीप कुमार के फ्लैट का दरवाजा तोड़कर चोरों ने लगभग 80 हजार रुपये के गहने चुरा लिए। घटना 25 अक्तूबर की बताई जा रही है।
प्रदीप कुमार के अनुसार, उनकी पत्नी और बच्चे दुर्गा पूजा के लिए गांव गए हुए थे। 25 अक्तूबर की सुबह वह अपने फ्लैट को बंद कर ड्यूटी पर चले गए थे। जब शाम को घर लौटे तो दरवाजे की कुंडी कटी हुई मिली और गहने गायब थे। इसके बाद उन्होंने एमजीएम थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। इस चोरी की घटना ने इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। एसपी सिटी जमशेदपुर कुमार शिवाशीष ने कहा कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर मामले का खुलासा किया जाएगा, और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
