जमशेदपुर : शहर में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। कोई भी क्षेत्र ऐसा नहीं है, जो अवारा कुत्तों से अछूता हो। हालांकि, शहर के कुछ हिस्सों में कुत्तों का जबरदस्त आतंक है। मानगो भी इनमें से एक है। मानगो के गोकुल नगर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार शाम को एक आठ वर्षीय बच्ची पर कुत्तों ने हमला कर दिया, वहीं शनिवार सुबह तीन अन्य लोगों पर भी कुत्तों का हमला हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि मानगो नगर निगम की व्यवस्थाएं पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी हैं, और मूलभूत सुविधाओं की योजनाएं लकवाग्रस्त हो गई हैं।
ट्यूशन जा रही बच्ची पर कुत्तों नने किया हमला
गोकुल नगर में अभिषेक नामक व्यक्ति की आठ वर्षीय बेटी अनिश्री, अपनी मां के साथ ट्यूशन के लिए जा रही थी। रास्ते में अचानक दो आवारा कुत्तों ने अनिश्री पर हमला कर दिया। अनिश्री गिर गई, और कुत्ते उसे लगातार काटते रहे। उसकी मां ने जब यह मंजर देखा तो जोर-जोर से चिल्लाने लगी, जिससे आस-पास के लोग मदद के लिए दौड़े और अनिश्री को कुत्तों के चंगुल से बचाया। हालांकि, तब तक कुत्ते उसे कई जगह काट चुके थे।
सुबह तीन लोगों पर भी हमला
इस घटना के कुछ ही घंटों बाद, सुबह के समय जब कुछ लोग बच्चों को विद्यालय छोड़ने जा रहे थे, तब तीन लोगों पर भी कुत्तों ने हमला कर दिया। लोगों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। इस क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
भाजपा नेता ने जताया विरोध
इस पूरे मामले की जानकारी मिलने पर भाजपा नेता विकास सिंह ने पीड़ित बच्ची अनिश्री से मुलाकात की और परिवार को सांत्वना दी। विकास सिंह ने गोकुल नगर का दौरा किया और वहां के स्थानीय निवासियों से बातचीत कर कुत्तों के आतंक की गंभीरता को समझा। उन्होंने मानगो नगर निगम को तत्काल कार्रवाई करने की चेतावनी देते हुए कहा कि नगर निगम की कार्यप्रणाली पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है।
विरोध प्रदर्शन की चेतावनी
विकास सिंह ने कहा कि नगर निगम की सारी योजनाएं जैसे साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत, पानी की सप्लाई और मच्छरों का नियंत्रण पूरी तरह से फेल हो चुकी हैं। नालियों में गंदगी का ढेर और जलजमाव से लोग परेशान हो गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो लोग एकजुट होकर उपायुक्त कार्यालय में विरोध प्रदर्शन करेंगे।
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।