
उदित वाणी जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना अंतर्गत पिछले दिनों 17 अगस्त को हुए कार शोरूम फायरिंग मामले के मास्टरमाइंड समेत चार अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार अपराधियों में प्रभाष सिंह उर्फ नन्नू सिंह, अभिषेक सिंह उर्फ पंडित, अमन सिंह उर्फ गोलू और शुभम सिंह शामिल हैं। पुलिस ने पूर्व में ही इस मामले में दो अपराधियों को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया था, जबकि बाकी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी पुलिस द्वारा चलाई जा रही थी।एसएसपी किशोर कौशल ने प्रेस वार्ता में बताया की सिटी एसपी के नेतृत्व में गठित टीम ने काफी गहन छानबीन के बाद घटना के मास्टरमाइंड प्रभाष सिंह सहित तीन अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है। मास्टरमाइंड प्रभाष सिंह मूल रूप से सिदगोड़ा का रहने वाला है, जबकि अभिषेक सिंह और शुभम सिंह बिहार के बांका जिले के रहने वाले हैं। अमन सिंह देवघर का निवासी है।पुलिस की जांच में सामने आया कि इन अपराधियों का मुख्य उद्देश्य भय फैलाकर व्यवसायियों और कारोबारियों से रंगदारी वसूलना था। उन्होंने शहर के अन्य व्यवसायियों को भी धमकी दी थी। गिरफ्तार अपराधी पेशेवर हिस्ट्रीशीटर हैं और उनके खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इस घटना में प्रयुक्त कार, रंगदारी के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए हैं। पूछताछ के बाद सभी अपराधियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।इस गिरफ्तारी से जमशेदपुर के व्यापारिक जगत में फैले आतंक का माहौल कुछ हद तक शांत होने की उम्मीद है। पुलिस की इस सफलता को लेकर शहर के नागरिकों और व्यापारियों ने राहत की सांस ली है।

