
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो में एनएच 33 स्थित मारूति शोरूम के बदल में पेयजल स्वच्छता विभाग के पानी का पाइप सात दिनों से फटा हुआ है। इस कारण पानी लगातार रोड पर बह रहा है, जिससे तालाब जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। ऐसे में लोगों को आने-जाने में भी काफी परेशानी हो रही है। मामले की जानकारी मिलते ही भाजपा नेता विकास सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि इसके विरोध में वे पेयजल स्वच्छता विभाग के अधिकारियों के ऊपर मुकदमा दर्ज कराएंगे।
स्थानीय लोगों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि इस भीषण गर्मी में लाखों लीटर पानी सात दिन से बर्बाद हो रहा है। मानगो की जनता पानी के लिए तरस रही है और विभाग के अधिकारी गहरी निंद्रा में सोए हुए हैं। पाइप फटा रहने के कारण जो थोड़ी बहुत पानी की सप्लाई हो रहा है, वह गंदा और बदबूदार है। लोग पानी खरीद कर पी रहे हैं। स्थानीय लोगों ने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में जाकर इसकी शिकायत भी की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। पानी रोड पर भर गया है, जिस कारण कुमरुम बस्ती जाने वाले लोगों को जलजमाव के कारण आधे किलोमीटर घूम कर दूसरे रास्ते से आना पड़ रहा है या फिर घुटने भर पानी में भीग आना पड़ रहा है। मौके पर पहुंचे भाजपा नेता विकास सिंह ने मामले की जानकारी पेयजल स्वच्छता विभाग के अधिकारियों को दीय़ उन्होंने कहा कि पानी की बर्बादी नहीं रोकी गई तो पेयजल विभाग के अधिकारियों के ऊपर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

