
उदित वाणी आदित्यपुर (का.प्र ): झारखंड राज्य बिजली कामगार यूनियन ने राज्य के बिजली कामगारों को बिहार के तर्ज पर राजस्व में बढ़ोतरी होने पर 6% अतिरिक्त ऊर्जा भत्ता का भुगतान की मांग की है। युनियन झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के विरुद्ध अतिरिक्त ऊर्जा भत्ता की मांग को लेकर राज्यव्यापी आंदोलन की शुरुआत करेगा. इस संबंध में यूनियन के प्रदेश महामंत्री रामकृष्ण सिंह ने आज आदित्यपुर जियाडा भवन स्थित विद्युत अधीक्षण अभियंता कार्यालय के समक्ष प्रेस वार्ता में बताया कि झारखंड राज्य बिजली कामगार यूनियन अतिरिक्त ऊर्जा भत्ता कामगारों को दिए जाने की मांग को लेकर 9 अगस्त को अगस्त क्रांति माह शुरुआत के दिन से राज्यव्यापी आंदोलन चरणबद्ध करेगी, जिसकी शुरुआत जमशेदपुर अंचल कार्यालय से होगी। उन्होंने बताया कि जान जोखिम में डालकर विद्युत मजदूरो ने बेहतर कार्य कर 300 करोड़ के राजस्व को 1100 करोड़ किया है। बावजूद इसके जेवीबीएनएल प्रबंधन ने वादाखिलाफी की है । इन्होंने कहा कि विभाग ने डेस्टिनेशन मैपिंग, हेड लाइनमैन पदों को हटा दिया है। जहां पदोन्नति हुई है, वहां ग्रेड पे नहीं दिया जा रहा है। 200 विद्युत कर्मियों का तबादला किया गया, जिसमें नियम को ताक पर रख महिलाओं को दूर दराज क्षेत्र में पदस्थापित किया गया है, जिसे रद्द करने की मांग की जा रही है। उन्होंने बताया कि पूर्व में 300 करोड़ राजस्व होने पर 6% अतिरिक्त ऊर्जा भत्ता का समझौता हुआ था, जिसे विद्युत प्रबंधन भूल चुकी है। वहीं, जमशेदपुर विद्युत अधीक्षण अभियंता दीपक कुमार को मांगों से संबंधित एक ज्ञापन भी सौंपा गया. इस मौके पर मुख्य रूप से के एन सिंह अमजदुल हक, मुकुल कुमार, सुनील सिंह, कयूम अंसारी आदि उपस्थित थे।

