
उदित वाणी, आदित्यपुर: राज्य के परिवहन मंत्री चम्पाई सोरेन की अध्यक्षता में आशिायाना चौक, आदित्यपुर के पास स्थित स्वर्णरेखा निरीक्षण भवन के सभागार में आज संपन्न हुई बैठक में नगर विकास विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता तथा विद्युत विभाग के द्वारा संचालित योजनाओं की कार्य प्रगति की समीक्षा की गई.
इस दौरान नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वॉर्ड एवं ग्रामीण क्षेत्र में पेयजलापूर्ति से संबंधित समस्याओं का निदान तथा सड़क-नाली के निर्माण कार्य में तेजी लाने पर चर्चा की गई.
बैठक में बिन्दुवार चर्चा करते हुए मंत्री सोरेन ने संबंधित पदाधिकारियों को पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्या के निदान पर निर्णय लेने का निदेश दिया, ताकि लोगों को बेहतर सुविधा प्राप्त हो सके. वहीं, पेयजल, पाइप लाईन, सर्विस रोड, रेस्टोरेशन के लंबित कार्य को यथाशीघ्र पूर्ण करने का निदेश भी संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया.
साथ हीं विभिन्न माध्यम से प्राप्त सूचना/शिकायत का समाधान सुनिश्चित करने तथा पब्लिक कॉल पर रिस्पांस करने का निदेश पदाधिकारियों को दिया गया, जिससे राज्य सरकार के उद्देश्य को पूर्ण किया जा सके.
100 यूनिट मुफ्त बिजली-ब्याज माफी योजना के प्रति लोगों को जागरुक करेंः चम्पाई
विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न माध्यम से 100 यूनिट मुफ्त बिजली, ब्याज माफी योजना एवं बिजली बिल भुगतान को लेकर आम लोगों को जागरुक करने का निदेश दिया.
साथ हीं कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई गरीब परिवार, जिनके पास बड़ा उपकरण नहीं है, के यहाँ अधिक बिजली बिल आने के कारण लोग परेशान और डरे हुए हैं. इसका समाधान सुनिश्चित करते हुए विभिन्न माध्यम से विद्युत संबंधी प्राप्त शिकायतों के निराकरण हेतु पहल की जानी चाहिये.
उन्होंने सभी क्षेत्रीय पदाधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्र के समस्याओं के समाधान तथा आम लोगों के हित में कार्य करने का भी निदेश दिया, ताकि आम लोगों की उम्मीद के अनुरुप काम हो सके.
मंत्री के प्रश्नों का जबाब देते हुए जेबीवीएनएल के प्रतिनिधि ने बताया कि जिला के ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 98 हजार विद्युत उपभोक्ता हैं, जिनमें से लगभग 80 हजार उपभोक्ताओं को 100 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है.
हर घर को जल नल योजना से जोड़ने का निदेश
पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल अंतर्गत के द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए मंत्री श्री सोरेन ने हर घर को जल नल योजना से जोड़ने का निदेश दिया. उन्होंने कहा कि विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति जनजीवन का महत्वपूर्ण भाग है.
इससे संबंधित समस्याओं के निदान हेतु संबंधित पदाधिकारी आपसी तालमेल बनाकर काम करें, ताकि सरकार के उद्देश्यों को पूर्ण किया जा सके. समीक्षा बैठक में मंत्री ने जयकान पंचायत तथा राजनगर प्रखंड के विभिन्न गाँवों में बिजली कटौती, आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वॉर्ड में पेयजल से संबंधित समस्या, जेबीवीएनएल के द्वारा गरीब परिवारों पर की जा रही कार्रवाई सहित विभिन्न मामलों से विभागीय पदाधिकारियों को अवगत कराते हुए उक्त मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निदेश दिया.
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में विकास तथा वंचित परिवारों के उत्थान हेतु काम करने का निदेश भी दिया, ताकि उन्हें मुख्य धारा से जोड़ा जा सके. उन्होंने पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के क्षेत्रीय पदाधिकारियों को ग्रामीणों के कॉल पर रिस्पाँस देने का निदेश भी दिया, जिससे समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित किया जा सके.
इस अवसर पर आदित्यपुर नगर निगम के अपर आयुक्त सह प्रशासक गिरिजा शंकर प्रसाद, जिला के उप विकास आयुक्त प्रवीण गगराई, अपर उपायुक्त सुबोध कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी रामकृष्ण कुमार, मंत्री महोदय के सचिव चंचल गोस्वामी, सरायकेला नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजेन्द्र प्रसाद, विद्युत कार्यपालक अभियंता अनूप प्रसाद, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, आदित्यपुर के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
ननि क्षेत्र में रहने वाले गरीबों को मुफ्त मिलेगा पानी-बिजली का कनेक्शनः चम्पाई
नगर विकास विभाग, पेयजल एवं बिजली विभाग के कार्यों की समीक्षा करने के बाद मंत्री चम्पाई सोरेन ने बताया कि आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में निवास करने वाले सभी गरीब परिवारों को बिजली-पानी का कनेक्शन मुफ्त मिलेगा.
ननि के शहरी क्षेत्र में वैसे परिवार भी रहते हैं, जो कि सात हजार रुपये देकर पानी का कनेक्शन लेने में असमर्थ हैं. उन्होंने जेबीवीएनएल के पदाधिकारियों से जिला के वैसे उपभोक्ताओं का ब्योरा उपलब्ध कराने का भी निदेश दिया है, जो कि 100 यूनिट बिजली का उपभोग कर रहे हैं.
सोरेन के अनुसार, बैठक में नगर निगम तथा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी 7 जून को संपूर्ण जलापूर्ति का जिम्मा जिन्दल को सौंपा जा रहा है. जिन्दल को जिम्मा लेने के बाद आगामी 14 जून तक संसाधन को दुरुस्त करने का प्रस्ताव देने का निदेश दिया गया है.

