
उदित वाणी, जमशेदपुर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 24 अप्रैल से तीन दिन की झारखंड यात्रा पर आ रही हैं. उनके आगमन को लेकर जोरशोर से तैयारी हो रही है. राष्ट्रपति विशेष विमान से 24 मई की सुबह रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पहुंचेंगी.
इसके बाद उनका सबसे पहले देवघर जाने का कार्यक्रम हैं. वहां से लौटने पर वे रांची के धुर्वा में बनाये गये नये हाईकोर्ट भवन के उदघाटन कार्यक्रम में शामिल होंगी. रात्रि विश्राम, भोजन आदि की व्यवस्था राजभवन में रहेंगी.
अगले दिन 25 मई को राष्ट्रपति खूंटी में आयोजित आदिवासी महिलाओं के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगी. इसके बाद वे रांची के नामकुम में आयोजित आइआइटी के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी. रात्रि विश्राम राजभवन में होगा. अगले दिन 26 मई को राजभवन में ही गणमान्य लोगों से मुलाकात करेंगी. इसके बाद वे राजभवन से रांची एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जायेंगी.
पुश्तैनी पुरोहित कराएंगे पूजा
राष्ट्रपति बुधवार को बाबा मंदिर, देवघर में पूजा करेंगी. पुश्तैनी पुरोहित विनोद झा संकल्प पूजा करायेंगे. इससे पहले तय कार्यक्रम के तहत बाबा मंदिर इस्टेट पुरोहित श्रीनाथ पंडित की अगुवाई में लंबोदर परिहस्त व उनके साथ पांच वैदिक पंडित भगवान गणेश व गौरी की पूजा करायेंगे.
इसके बाद बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण से पहले राष्ट्रपति के पुश्तैनी पुरोहित विनोद झा विधिवत संकल्प करायेगे. संकल्प के बाद राष्ट्रपति बाबा बैद्यनाथ की षोडशोपचार विधि से पूजा करेंगी.
विनोद झा पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी के भी पुश्तैनी पुरोहित हैं. वे प्रणव मुखर्जी को भी बतौर राष्ट्रपति दो बार पूजा करा चुके हैं. साथ ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को झारखंड की राज्यपाल रहने के दौरान अगस्त 2018 में पूजा करा चुके हैं. राज्यपाल के तौर पर द्रौपदी मुर्मू ने अपने पुश्तैनी पुरोहित के वंशावली खाते में हस्ताक्षर कर अपना नाम दर्ज करायीं थीं.
पांच हजार अतिरिक्त फोर्स की रहेगी तैनाती
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 24 से 26 मई तक तीन दिवसीय झारखंड दौरे में सुरक्षा व्यवस्था सख्त रहेगी. इसको लेकर पुलिस मुख्यालय के स्तर से पांच हजार अतिरिक्त फोर्स दिये गये हैं. इनमें रांची को 2500, देवघर को 2000 व खूंटी को 900 फोर्स दिये गए हैं.
इसमें रैपिड एक्शन पुलिस की टीम भी शामिल रहेगी. इसके अलावा डीआइजी, एसपी, डीएसपी रैंक के अफसरों की भी तैनाती की जायेगी. राजधानी रांची में सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किये गए हैं. कार्यक्रम स्थल के दो किलोमीटर की परिधि को अस्थायी रेड जोन घोषित किया गया है.
यह आदेश डीसी राहुल कुमार सिन्हा व वरीय पुलिस अधीक्षक ने जारी किया है. राजभवन, नव निर्मित उच्च न्यायालय और आइआइआइटी नामकुम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह आदेश लागू रहेगा. रेड जोन में कोई भी व्यक्ति सक्षम पदाधिकारी की अनुमति के बिना ड्रोन का प्रचालन भी नहीं कर सकेगा.
राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की. उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान आने-जाने के रूट में कहीं भी गाड़ी या ठेला लगने नहीं देने का निर्देश दिया.
इसके अलावा होटल की चेकिंग और कार्यक्रम स्थल के आसपास के इलाके में रहनेवाले नये लोगों का सत्यापन करने का टास्क दिया गया.
केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा ने राष्ट्रपति के खूंटी दौरे की तैयारियों का आकलन करने के लिए जिला प्रशासन, ट्राइफेड और जनजातीय कार्य मंत्रालय के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की. उन्हों कार्यक्रम के हर पहलू की समीक्षा की. राष्ट्रपति 25 मई को खूंटी आएंगी.

