
# मानगो एमजीएम थाना नए भवन में हुआ शिफ्ट
# डुमरिया व बर्मामाइंस थानों का भवन निर्माण जल्द होगा पूरा
# मानगो, उलीडीह और सिदगोड़ा थाना के लिए भूमि की तलाश
उदित वाणी, जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला पुलिस मुख्यालय के लिए नया भवन बनेगा. इसपर करीब 19 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत आएगी. अभी 80 साल पुराने भवन में यह कार्यालय यानी एसएसपी कार्यालय चल रहा है.
नया भवन बनाने के लिए टेंडर भी हो चुका है. निर्माण कार्य जुलाई माह से प्रारंभ हो जाएगा. 1990 में अलग पूर्वी सिंहभूम जिला बनने से पहले यहां अनुमंडल कार्यालय हुआ करता था. जिला बनने के बाद इस भवन को पहले एसपी व बाद में एसएसपी कार्यालय बना दिया
गया था.
जी प्लस 3 होगा नया भवन
एसएसपी कार्यालय का नया भवन जी प्लस थ्री होगा. आधुनिक सुविधाओं से लैस इस भवन में कुल 30 कमरे होगें. एक फ्लोर केवल रिकॉर्ड रूम के रूप में प्रयोग किया जाएगा.
इसके अलावा एक एसएसपी का चैंबर, 2 एएसपी का चैंबर, 3 डीएसपी और एक ट्रैफिक डीएसपी के अलावा सामान्य शाखा, तकनीकी शाखा, साइबर सेल व अन्य सभी शाखाओं के लिए अलग अलग कमरें होंगे.
साथ ही अलग अलग शाखा के लिए आधुनिक शौचालय भी होंगे. नए भवन की डिजाइन को एसएसपी प्रभात कुमार ने स्वंय अपनी देखरेख में तैयार कराया है. नया भवन एक वर्ष में बन कर तैयार हो जाएगा.
सिग्नेचर बिल्डिंग होगा जिले का पुलिस मुख्यालय: एसएसपी
19.16 करोड़ की लागत से बनने वाला जिले का नया पुलिस मुख्यालय पूरे राज्य के लिए सिग्नेचर बिल्डिंग होगा एसएसपी प्रभात कुमार कहते हैं 19.16 करोड़ की लागत से बनने वाला जिले का नया पुलिस मुख्यालय पूरे राज्य के लिए सिग्नेचर बिल्डिंग होगा.
इसमें सारी सुविधाएं होंगी. हमनें इस भवन की डिजाइन को बनवाया है. जी प्लस थ्री भवन के सामने लॉन, बागीचा व पार्किंग की सुविधा भी होगी. एसएसपी प्रभात कुमार कहते हैं कि जिले के सभी थानों, जो किराया या टाटा स्टील के क्वार्टर में चल रहे हैं, के लिए नया भवन बनवाकर उसमें शिफ्ट किया जा रहा है.
हाल ही में महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज परिसर में संचालित मानगो एमजीएम थाना को नए भवन में शिफ्ट किया गया है. वहीं अगले महीने डुमरिया और बर्मामाइंस थाने को भी नए भवन में शिफ्ट कर दिया जाएगा.
दोनों थानों का भवन बनकर लगभग तैयार है. इसी तरह से मानगो, उलीडीह, सीतारामडेरा और सिदगोड़ा थानों के भवन के लिए भूमि की तलाश की जा रही है. सिदगोड़ा थाने के लिए टाटा स्टील ने भूमि उपलब्ध करायी है केवल एनओसी की प्रक्रिया पूरी होनी है. उलीडीह और मानगो थाना के लिए वन विभाग की भूमि देखी गई है इस संबंध में वन विभाग के अधिकारियों से वार्ता चल रही है.


