
उदित वाणी, रांची: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय झारखंड दौरे की अधिकारिक सूचना मिलने के बाद राज्य सरकार की ओर से देवघर, रांची व खूंटी जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई है.
बताया गया है कि राष्ट्रपति दौरे के क्रम में त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था में होंगी. उनके सुरक्षा को लेकर तीनों जिलों में लगभग 5400 जवानों की तैनाती की जायेगी. जिसके तहत रांची 2500, देवघर में 2000 और खूंटी 900 अतिरिक्त जवान तैनात होंगे. गौरतलब है कि राष्ट्रपति 24 से 26 मई तक झारखंड में रहेंगी.
उनके आगमन को लेकर ईस्टर्न एयर कमांड के सीनियर मेंटनेंस स्टाफ देवेंद्र श्रीवास्तव शनिवार को बाबा मंदिर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया.
उन्होंने मंदिर में अहले सुबह पूजा करने के बाद मंदिर की भौगोलिक स्थिति व अलग अलग जगहों को देखकर रिपोर्ट तैयार की. ज्ञात हो कि राष्ट्रपति मुर्मू 24 मई को एयरफोर्स के विमान से सुबह सात बजे नयी दिल्ली से रवाना होंगी और सुबह 8.55 बजे देवघर पहुंचेंगी तथा सुबह 9.20 बजे ही बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद 10.20 बजे देवघर सर्किट हाउस जायेंगी और सर्किट हाउस में लगभग 30 मिनट में रुकेंगी.
यहां देवघर जिला प्रशासन द्वारा उन्हें बाबा मंदिर का स्मृति चिह्न व प्रसाद आदि भेंट की जायेगी. इसके बाद करीब 11 बजे राष्ट्रपति का विमान रांची के लिए रवाना होगा.
राष्ट्रपति का विमान दोपहर 12 बजे रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट में उतरेगी. इसके बाद राष्ट्रपति एयरपोर्ट से बिरसा चौक जाकर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा तथा उसके बाद अलबर्ट एक्का चौक स्थित अलबर्ट एक्का की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी.
राष्ट्रपति दोपहर एक बजे राजभवन पहुंचेंगी और लगभग ढाई घंटे विश्राम करने के बाद राजभवन में ही अपराहन 3.30 बजे से 4.30 बजे तक आदिम जनजाति समुदाय के लोगों के साथ मुलाकात करेंगी.
इसके बाद शाम पांच बजे से छह बजे तक झारखंड हाईकोर्ट के नये भवन का उद्घाटन करेंगी. उसके बाद रात्रि विश्राम राजभवन में करेंगी. वहीं 25 मई को राष्ट्रपति पूर्वाहन खूंटी जायेगी और अपराहन को रांची में ट्रिपल आईटी के दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों के बीच डिग्री वितरित करेंगी.

