
उदित वाणी, रांची: अगले लोकसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी पार्टियों को एकजुट करने के लिए अभियान में जुटे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को रांची आयेंगे.
नीतीश अपराहन लगभग 4.30 बजे जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह के साथ बिशेष विमान रांची पहुंचेंगे और विपक्षी एकता को लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ मुलाकात करेंगे. गौरतलब है कि हेमंत सोरेन के साथ मुलाकात को लेकर पिछले कई दिनों से जदयू की ओर बातचीत करके पृष्ठभूमि तैयार की जा रही थी.
सबसे पहले राज्यसभा सदस्य व जदयू के प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो ने मुख्यमंत्री सोरेन के साथ मिलकर नीतीश कुमार के कार्यक्रम को लेकर बातचीत की थी.
इसके बाद जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने भी रांची आकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की थी. वहीं नीतीश कुमार विपक्षी एकता को लेकर लगातार राज्यों का दौरा कर रहे हैं और राज्यों के मुख्यमंत्रियों व विपक्षी पार्टियों के नेताओं के साथ बातचीत कर रहे हैं.
इस क्रम में नीतीश कुमार ने मंगलवार को भुवनेश्वर जाकर ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के साथ मुलाकात करके विपक्षी एकता को लेकर बातचीत की.
जबकि नवीन पटनायक से पहले उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी तथा अन्य राज्यों के प्रमुख विपक्षी नेताओं से मिल चुके हैं. गौरतलब है कि फिलवक्त 14 लोकसभा सीटों में 12 सीटें भाजपा-आजसू पार्टी गठबंधन के पास है और एक-एक सीटें कांग्रेस व झामुमो के कब्जे में हैं.
नीतीश कुमार की रणनीति झारखंड में भाजपा-आजसू गठबंधन के खिलाफ है और नीतीश झारखंड में भी चुनावी समीकरण बदलने के प्रयास में जुटे हैं.

