
उदित वाणी, कांड्रा: बलरामपुर मौजा में वन विभाग की दर्जनों एकड़ जमीन की अवैध खरीद-बिक्री का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. इस अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ मुहिम छेड़ते हुए दुर्गा सोरेन सेना ने वन विभाग से कार्रवाई की मांग करते हुए इसमें शामिल भूमाफियाओं पर मामला दर्ज करने एवं अतिक्रमण हटाने की मांग की है.
शनिवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में दुर्गा सोरेन सेना के जिलाध्यक्ष सन्नी सिंह ने बताया कि इस मामले को उजागर करने पर उनके खिलाफ अवैध रूप से बसे लोगों एवं उन्हें बसाने वाले अपराधिक किस्म के लोगों द्वारा साजिश कर झूठा आरोप लगाया जा रहा है.
बताया कि बीते दिनों वीडियो वायरल कर महिला और तथाकथित लोगों द्वारा इन पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं. जो सरासर गलत और बेबुनियाद हैं.
जान माल की सुरक्षा की गुहार
जमीन बेचने वाले पर कई अपराधिक कांड दर्ज हैं. उन्होंने प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराते हुए अपनी जानमाल सुरक्षा की गुहार भी लगाई है. दुर्गा सोरेन सेना की महिला कार्यकर्ता सुमित्रा पंडा ने बताया कि वनभूमि पर अवैध रूप से निर्माण कर रही महिला ममता देवी ने साजिश के तहत जिला अध्यक्ष सन्नी सिंह पर बेबुनियाद आरोप लगाई हैं.
जिला अध्यक्ष के अवैध निर्माण स्थल बलरामपुर पहुंचने पर वहां की स्थिति काफी चौंकाने वाली थी. वहां वन विभाग की जमीन की खरीददार महिला ममता देवी ने 7 लाख देकर खरीदने की जानकारी दी. जबकि ऐसे दर्जनों लोग वहां लाखों रुपए में जमीन खरीदकर बस रहा है.
जमीन खरीददार महिला ने विक्रेता का नाम बताया
सुमित्रा पांडा ने बताया कि महिला ममता देवी ने उस वक्त राजेश गोप, चंदन डेविड समेत पेटू प्रमाणिक नामक व्यक्ति को फोन पर बुलाने का प्रयास किया था. इससे ख प्रतीत हो रहा है कि इनकी ओर से ही जमीन की बिक्री की गई है.
उन्होंने बताया कि उक्त व्यक्तियों द्वारा लाखों रुपए में वन विभाग की जमीन को अवैध तरीके से बेचा जा रहा है. पूरे घटनाक्रम की जानकारी दुर्गा सोरेन सेना की महिला कार्यकर्ता ने लिखित रूप से सरायकेला पुलिस प्रशासन को दी है.
साथ ही मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है. इस मौके पर महिला कार्यकर्ता सविता राय, जिला महासचिव रॉबिन हांसदा, जिला उपाध्यक्ष राजा टूडू, जिला सचिव मनदीप महाली, वरिष्ठ कार्यकर्ता विक्की पांडे, जनसिंह तामसोय आदि उपस्थित थे.

