
उदित वाणी, जमशेदपुर: केंद्रीय मंत्री और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने मंगलवार को रांची में सचिवालय घेराव कार्यक्रम के दौरान भाजपाइयों पर किए गए लाठीचार्ज व बल प्रयोग को बर्बर कार्रवाई करार देते हुए इसे हेमंत सरकार की व्याकुलता का नतीजा बताया है.
भाजपा के इस आंदोलन के बाद प्रशासन द्वारा भाजपाइयों के खिलाफ दर्ज कराई गई प्राथमिकी पर प्रतिक्रिया देते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि इस व्याकुलता को देखकर साफ प्रतीत हो रहा है कि हेमंत सरकार सभी मोर्चों पर विफल है.
सरकार को भाजपाइयों के ऊपर लाठीचार्ज करने वालों पर एफ आई आर करना चाहिए था, लेकिन ऐसा न करके अपने घोषित कार्यक्रम में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं पर की गई कार्रवाई से लगता है इसके पीछे कोई राजनीतिक षड्यंत्र है.
उन्होंने कहा कि सारे मामलों को निश्चित रूप से कोर्ट देखेगी लेकिन हम लोकतांत्रिक अधिकार के लिए और लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ अपनी आवाज को बुलंद करते रहेंगे. इसी क्रम में आज बुधवार को भाजपा ने रांची में हुए बर्बर लाठीचार्ज और सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ काला दिवस मनाया.

