
उदित वाणी, जमशेदपुर: झारखण्ड कौशल विकास मिशन सोसायटी (जेएसडीएमएस) झारखण्ड रांची के तत्वावधान में अवर प्रादेशिक नियोजनालय जमशेदपुर परिसर में एक दिवसीय मेगा प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया.
कौशल प्रशिक्षित एवं शिक्षित बेरोजगार युवक और युवतियों को रोजगार मुहैया कराने के उद्देश्य से आयोजित इस मेगा कैम्प में लगभग 1500 युवक-युवतियों ने भाग लिया, जिसमें अधिसूचित रिक्तियों के लिए विभिन्न नियोजकों द्वारा कुल 858 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्टेड एवं कुल 507 उम्मीदवारों को अंतिम रूप से चयनित किया गया.
जानकारी के अभाव में युवा अवसर से वंचित रह जाते हैं- जाधव
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपायुक्त श्रीमती विजया जाधव ने चयनित बच्चों के बीच ऑफर लेटर वितरित किया. मौके पर निदेशक डीआरडीए सौरभ सिन्हा, जिला योजना पदाधिकारी अरूण द्विवेदी, जिला कौशल पदाधिकारी बम बैजू मौजूद थे.
उपायुक्त ने झारखंड कौशल विकास मिशन सोसायटी द्वारा चलाई जा रही योजनाओं से संबंधित पुस्तक का विमोचन किया. उपायुक्त ने कैंप में पहुंचे युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कई बार जानकारी के अभाव में हम अच्छे अवसर खो देते हैं. जरूरी है कि युवा जागरूक रहें.
उन्होने अपील की कि वैसे सभी शिक्षित बेरोजगार युवक युवतियां अपना निबंधन नियोनालय में अवश्य कराएं ताकि नियोजकों द्वारा रिक्तियां प्राप्त होने पर ससमय सभी को सूचित किया जा सके.
उन्होने आश्वस्त किया कि इसी तरह का एक मेगा प्लेसमेंट कैंप घाटशिला अनुमंडल के ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के लिए आयोजित किया जाएगा. सरकार का लक्ष्य है कि शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार की तलाश में दूसरे राज्य नहीं जाना पड़े. अपने राज्य और जिले में रोजगार उपलब्ध कराये जाएं इस उद्देश्य के तहत कैम्प आयोजित किया गया.
29 कंपनियों में 2687 रिक्तियां
इस कार्यक्रम में जिला एवं अन्य स्थानों से कुल 29 नियोजकों के द्वारा 2687 रिक्तियां उपलब्ध कराई गई थी, जिसमें प्रमुख रूप से बीएमडब्लू इन्डस्ट्रीज लिमिटेड, स्टील स्ट्रीप व्हील्स लिमिटेड, ड्रीमस्ट्रीम प्राइवेट लिमिटेड, क्वालिटी फेवरिकेटरर्स, सेवा सहयोग सिक्यूरिटी प्राइवेट लिमिटेड आदि शामिल थे, जिन्होंने सेफ्टी ऑफिसर, ट्रेनी, सुरक्षा गार्ड, सुपरवाइजर, हाउस कीपिंग, गनमैन, सुरक्षा सुपरवाइजर, ऑफिस स्टाफ, कूक, आईटीआई वेल्डर, फिटर, मेकेनिकल सुपरवाइजर, वेल्डर सह ग्लास कटर, फील्ड ऑफिसर, मार्केटिंग, क्लाविटी कंट्रोल, मोल्डिंग हेल्पर, रिसेप्शनिस्ट, ड्राइवर, कांटा ऑपरेटर, सिविल इंजीनियर, गैस कटर, पेंटर, ग्राइंडर, हेल्पर, डाई फीटर, मेडिलन ट्रेनी, अप्रेंटिस ट्रेनी, स्वींग मशीन ऑपरेटर, ब्युटिशियन जैसे पदों पर भर्ती ली है.

